श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज को अपने नाम कर लिया है।
उसने चौथे मुकाबले में मंगलवार (21 जून) को कंगारू टीम को चार रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही श्रीलंकाई टीम ने सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। 30 साल में पहली बार श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को अपने घरेलू मैदान वनडे सीरीज में हराया है।
पिछली बार उसे अगस्त 1992 में तीन वनडे मैचों की सीरीज में 2-1 से जीत मिली थी।1992 से श्रीलंका को अपने घरेलू मैदान पर तीन बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में हार मिली थी।
कंगारू टीम 2004, 2011 और 2016 में लंकाई धरती पर जीतने में सफल रही थी। मौजूदा सीरीज का पांचवां और अंतिम मुकाबला 24 जून को खेला जाएगा।श्रीलंका के 258 रनों जवाब में ऑस्ट्रेलिया निर्धारित 50 ओवरों में 254 रनों पर ऑलआउट हो गई।श्रीलंका के लिए मैच में चरिथ असलंका जीत के हीरो रहे। उन्होंने सबसे ज्यादा 110 रन बनाए।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरूआत खराब रही और 34 रन के कुल स्कोर पर 3 विकेट गिर गए। इसके बाद चरिथ असलंका और धनंजय डी सिल्वा ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी की।
असलंका ने अपने करियर का पहला शतक जड़ा और 106 गेंदों में दस चौकों और एक छक्के की मदद से 110 रनों की पारी खेली। इसके अलावा डी सिल्वा ने 61 गेंदों में सात चौकों की बदौलत 60 रन बनाए। इसके अलावा निचले क्रम में वानिंदु हसरंगा ने निचले क्रम में नाबाद 21 रन का योगदान दिया। जिसके चलते श्रीलंका ने 49 ओवर में 258 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल मार्श, पैट कमिंस, और मैथ्यू कुहेनमैन ने दो-दो विकेट, वहीं ग्लेन मैक्सवेल ने एक विकेट चटकाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को 3 रन के कुल स्कोर पर कप्तान एरॉन फिंच के रूप में पहले झटका लगा। लेकिन शानदार बल्लेबाजी कर रहे डेविड वॉर्नर ने दूसरे विकेट के लिए मिचेल मार्श के साथ 63 रन जोड़े, फिर तीसरे विकेट के लिए मार्नस लाबुशेन के साथ मिलकर 35 रन बनाए। वॉर्नर एक छोर से रन बनाते रह,लेकिन दूसरे छोर पर कुछ-कुछ अंतराल पर विकेट गिरते रहे। वॉर्नर ने 112 गेंदों में 12 चौकों की मदद से 99 रन की पारी खेली।
इसके अलवा पैट कमिंस ने 35 रन, ट्रेविस हेड ने 27 रन औऱ मिचेल मार्श ने 26 रन की पारी खेली।श्रीलंका के लिए चमिका करुणारत्ने, धनंजय डी सिल्वा, जेफ्ररी वेनडर्से ने दो-दो विकेट, वहीं महीश थीक्षाना,वानिंदु हसरंगा, डुनिथ वेलालागे औऱ कप्तान दसुन शनाका ने एक-एक विकेट लिया।

