मध्यप्रदेश और मुंबई के बीच शुरू हुई फाइनल की रेस,क्या फाइनल जीतकर इतिहास रच पाएगी मध्य प्रदेश की टीम

रणजी ट्रॉफी एक ऐसा मंच है, जहां पर भारतीय क्रिकेटरों को अपना कौशल दिखाने का मौका मिलता है और यहां से कई खिलाड़ी नेशनल टीम में अपनी जगह पक्की करते है, इसीलिए हर भारतीय क्रिकेटर के लिए यह बहुत खास होता है।

रणजी ट्रॉफी 2022 का फाइनल मुकाबला मध्यप्रदेश और मुंबई के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। जहां मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। इस मुकाबले में एक तरफ जहां मध्य प्रदेश की टीम पहली बार रणजी ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचना चाहेगी, तो वहीं मुंबई की टीम अपनी जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी क्योंकि उसने 41 बार रणजी ट्रॉफी अपने नाम की है।

मध्य प्रदेश और मुंबई के बीच हुए इस रणजी के पिछले पांच मैच की बात की जाए तो इसमें मुंबई का पलड़ा भारी और मुंबई बाजी मारती नजर आ रही है, क्योंकि उन पाँच मैचों मे तीन मैच ड्रॉ रहे और दो मैच मुंबई ने जीते । हालांकि, मध्यप्रदेश के लिए शुभ संकेत यह है कि इस सीजन रणजी ट्रॉफी में उसने अपने पांच में से चार मैच जीते हैं। जबकि मुंबई 5 में से केवल तीन मुकाबले रणजी ट्रॉफी 2022 में जीत पाई है।

मध्य प्रदेश की टीम की कप्तानी आदित्य श्रीवास्तव के हाथों में है, जबकि मुंबई की कप्तानी भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ कर रहे हैं, जो इस सीजन 3 शतक अपने नाम कर चुके हैं।

वहीं, मध्यप्रदेश की टीम में आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार प्लेयर रजत पाटीदार शामिल है। ऐसे में वह टीम के लिए बेहतरीन पारी खेल सकते हैं। उन्होंने इस सीजन 5 मैच में 506 रन अपने नाम किए हैं। वहीं, मध्य प्रदेश की टीम में युवा स्पिनर कुमार कार्तिकेय भी हैं जिन्होंने 5 मैच में 27 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट अपने नाम किए हैं।

मुंबई की बात की जाए तो मुंबई के सरफराज खान ने इस बार 5 मैचों में 803 रन अपने नाम किए हैं। वही शम्स मुलानी ने 5 मैच में 37 विकेट चटकाए हैं।

मध्य प्रदेश बनाम मुंबई प्लेइंग 11
मुंबई –
पृथ्वी शॉ (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, अरमान जाफर, सुवेद पारकर, सरफराज खान, हार्दिक तमोर (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, धवल कुलकर्णी, तनुश कोटियन, मोहित अवस्थी, तुषार देशपांडे।

मध्यप्रदेश –
यश दुबे, हिमांशु मंत्री (विकेटकीपर), शुभम शर्मा, रजत पाटीदार, आदित्य श्रीवास्तव (कप्तान), अक्षत रघुवंशी, सारांश जैन, अनुभव अग्रवाल, गौरव यादव, कुमार कार्तिकेय, पार्थ साहनी।

Leave a Comment