न्यूजीलैंड के132 पर ऑल आउट होने के बाद इंग्लैंड की भी पहली पारी लड़खड़ाई; पहले दिन गिरे 17 विकेट

इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला लॉर्ड्स में खेला जा रहा है। पहले टेस्ट में न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। वहीं, इंग्लैंड की टीम नए कप्तान बेन स्टोक्स के नेतृत्व में मैदान पर उतरी है। न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी में 132 रनों पर सिमट गई। उसके लिए कॉलिन डी ग्रैंडहोम ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए डेब्यू करने वाले मैटी पॉट्स ने चार विकेट लिए

। अनुभवी जेम्स एंडरसन ने भी चार विकेट झटके। दूसरी ओर, इंग्लैंड की टीम ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक सात विकेट पर 116 रन बना लिए हैं। वह न्यूजीलैंड से अभी भी 16 रन पीछे है। इंग्लैंड के बेन फोक्स छह और स्टुअर्ट ब्रॉड चार रन बनाकर नाबाद हैं।


इससे पहले न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जो अंत में इंग्लैंड के नव नियुक्त कप्तान बेन स्टोक्स के लिए फायदेमंद साबित हुआ कप्तान केन विलियमसन ने कहा था कि टॉस जीतने पर वह भी पहले गेंदबाजी के बजाए पहले बल्लेबाजी करना पसंद करते।

कीवी टीम के पूर्व कप्तान और धाकड़ खिलाड़ी ब्रैंडन मैकुलम इंग्लैंड टीम के नए टेस्ट कोच हैं।न्यूजीलैंड ने लंच से पहले 36 रन तक ही छह विकेट गंवा दिए थे लेकिन डि ग्रैंडहोम ने टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। एंडरसन ने न्यूजीलैंड के दोनों सलामी बल्लेबाजों टॉम लैथम (01) और विल यंग (01) को जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच कराके इंग्लैंड टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई।

इसके बाद ब्रॉड ने डेवोन कॉनवे (03) को भी बेयरस्टो के ही हाथों कैच कराया। वहीं पोट्स ने विलियमसन (02) को विकेटकीपर बेन फोक्स के हाथों कैच करवाकर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट हासिल किया और न्यूजीलैंड टीम का तब तक का स्कोर चार विकेट पर 12 रन किया। पोट्स ने इसके बाद डेरिल मिशेल (13) और टॉम ब्लंडेल (14) को भी बोल्ड किया। काइल जैमीसन भी छह रन बनाकर एंडरसन की गेंद पर पोट्स को कैच दे बैठे।डि ग्रैंडहोम और साउथी ने इसके बाद पारी की सबसे बड़ी साझेदारी की।

एंडरसन ने साउथी को पोट्स के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा। साउथी ने 23 गेंद की अपनी पारी में चार चौके मारे। पोट्स ने एजाज पटेल (07) को पगबाधा करके न्यूजीलैंड को नौवां झटका दिया जबकि स्टोक्स ने बोल्ट को पवेलियन भेजकर न्यूजीलैंड की पारी का अंत किया। स्पिनर जैक लीच को हालांकि पहले ही सत्र में चोट लगने के कारण लंकाशर के स्पिनर मैथ्यू पार्किनसन को उनके ‘कनकशन’ खिलाड़ी के रूप में उतारा गया।


जवाब में इंग्लैंड की टीम की पहली पारी भी लड़खड़ा गई है। इंग्लैंड को अच्छी शुरुआत मिली थी। एलेक्स लीस (25) और जैक क्राउली (43) के बीच पहले विकेट के लिए 59 रन की अच्छी साझेदारी हुई। लेकिन उसके बाद इंग्लिश बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं सके और पहले दिन स्टंप तक इंग्लैंड ने 7 विकेट खोकर 116 रन बना लिए हैं।

इंग्लैंड की टीम अभी भी 16 रन से पीछे है।इंग्लैंड की टीम पहले टेस्ट में एक समय 92 के स्कोर पर 2 विकेट खोकर मजबूत स्थिति में थी। लेकिन बोल्ट और साउदी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए लगातार विकेट चटकाए, जिसकी वजह से इंग्लैंड 92/2 के स्कोर से अगले 5 ओवर में 100/7 पर पहुंच गई। न्यूजीलैंड के लिए ट्रेंट बोल्ट, टिम साउदी, काइल जैमिसन ने दो-दो विकेट लिए। जारी टेस्ट मैच के पहले दिन कुल 17 विकेट गिरे। सभी विकेट तेज गेंदबाजों ने लिये हैं।

Leave a Comment