साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रही टी-20 सीरीज़ में टीम इंडिया को पहली जीत मिल गई है. मंगलवार को विशाखापट्टनम के विजाग क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी-20 मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका को 48 रनों से मात दे दी. इस जीत के साथ टीम इंडिया की पांच मैचों की सीरीज़ में जोरदार वापसी हो गई है और अब सीरीज का अंकतालिका मे स्कोर 1-2 हो गया है. ऋषभ पंत की कप्तानी में मिली भारत की यह पहली जीत है. टीम इंडिया ने इस मैच में पहले बैटिंग की और ऋतुराज गायकवाड़-ईशान किशन की धमाकेदार ओपनिंग पार्टनरशिप के दमपर 179 का स्कोर बनाया.इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 19.1 ओवर में 131 रन पर ढेर हो गई।पिछले दो मैच में खराब प्रदर्शन कर रहे टीम इंडिया के बॉलर्स ने यहां पर वापसी की और अफ्रीकी बल्लेबाजों को जमकर परेशान किया.
इससे पहले साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और भारत की ओर से ईशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी की शुरुआत की। रबाडा के पहले ओवर में मात्र 4 रन गए, दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआत में विकेट को समझा फिर बढे शॉट्स के लिए गए। ऋतुराज गायकवाड़ ने अटैकिंग पारी शुरू की, उन्होंने पॉवरप्ले में 2 छक्के लगाए। दोनों बल्लेबाजों ने पॉवरप्ले में बिना विकेट गवाए 57 रन बनाए।इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ ने अपना अर्धशतक लगाया। उनके लिए ये पारी महत्वपूर्ण थी क्योंकि पिछले 2 मैचों में खराब प्रदर्शन के बाद उनके खेलने पर सवाल खड़े हो रहे थे।
गायकवाड़ के रूप में भारत को पहला झटका लगा, वह 57 रन बनाकर केशव महाराज की गेंद पर गेंदबाज के हाथों में ही कैच थमा बैठे।तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए श्रेयस अय्यर। अय्यर बड़ी पारी नहीं खेल सके और तबरेज शम्सी की गेंद पर 14 रन बनाकर कैच आउट हुए। अय्यर के आउट होने से पहले ईशान किशन ने अपना अर्धशतक पूरा किया था।ईशान किशन ने लगातार अच्छे प्रदर्शन को जारी रखा और तीसरे मैच में अर्धशतक जड़ा। वह 35 गेंदों में 54 रन बनाकर प्रेटोरियस की गेंद पर कैच आउट हुए। इस पारी में किशन ने 5 चौके और 2 छक्के लगाए।ऋषभ पंत को एक जीवनदान मिला लेकिन इसका वह कोई फायदा नहीं उठा पाए। एक खराब शॉट खेलकर वह 6 रन बनाकर आउट हुए। तो वहीँ इसके बाद आए दिनेश कार्तिक भी जल्द पवेलियन लौट गए। उन्हें एक अच्छे फिनिशर के तौर पर देखा जा रहा था क्योंकि उन्होंने आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन अभी तक वह खुद को साबित करने में फेल रहे।कार्तिक 6 रन बनाकर रबाडा की गेंद पर कैच आउट हुए।
हार्दिक पांड्या ने अंतिम ओवरों में अच्छे शॉट लगाए। शुरुआत में स्ट्रगल करने के बाद अंतिम 2 ओवरों में पांड्या ने रनों की गति को बढ़ाया। पांड्या ने 21 गेंदों में 31 रन बनाए, इस पारी में उन्होंने 4 चौके लगाए। अक्षर पटेल 2 गेंदों में 5 रन बनाकर हार्दिक के साथ नाबाद रहे। भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 179 रन बनाए।दक्षिण अफ्रीका की ओर से ड्वेन प्रिटोरियस ने सबसे ज्यादा दो विकेट झटके। वहीं, कगिसो रबाडा, तबरेज शम्सी और केशव महाराज को एक-एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की पारी की शुरुआत तेम्बा बावुमा और रेजा हेंड्रिक्स ने की, दोनों ने पहले विकेट के लिए 23 रन जोड़े। भारत को पहली सफलता अक्षर पटेल के ओवर में मिली। चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर तेम्बा बावुमा कैच आउट हो गए। बावुमा ने 8 रन बनाए।पॉवरप्ले की आखिरी गेंद पर रेजा हेंड्रिक्स के रूप में दक्षिण अफ्रीका को दूसरा झटका लगा। वह हर्षल पटेल की गेंद पर युजवेंद्र चहल के हाथों कैच आउट हुए। हेंड्रिक्स ने 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 23 रन बनाए। इसके बाद रस्सी ड्युसेन के रूप में दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका बहुत जल्दी लगा। 7वें ओवर की पांचवी गेंद पर युजवेंद्र चहल ने रस्सी को ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराया।प्रेटोरियस और क्लासेन ने लगातार विकेट के बाद पारी को थोड़ी देर के लिए संभाला लेकिन चहल ने एक बार फिर साझेदारी तोड़कर दक्षिण अफ्रीका की पारी को दबाव में डाला। चहल ने प्रेटोरियस को ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराया। प्रेटोरियस ने 16 गेंदों में 20 रन बनाए।डेविड मिलर 3 और क्लासेन के 29 रनों पर आउट होने के बाद तो दक्षिण अफ्रीका की पारी फिर संभाल नहीं सकी। दक्षिण अफ्रीका के लिए लगातार विकेट गवाए और आखिरी ओवर की पहली गेंद पर तबरेज शम्सी की विकेट के साथ ऑल आउट हो गई। 131 रन पर ऑल आउट होने वाली दक्षिण अफ्रीका मुकाबला 48 रनों से हार गई। भारत ने जीत दर्ज कर सीरीज में जान बचाए रखी।
हर्षल पटेल ने 3.1 ओवरों में 25 रन दिए और भारत के लिए सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए। युजवेंद्र चहल ने 4 ओवरों में 3 विकेट हासिल किए और मात्र 20 रन दिए। अक्षर पटेल ने 24 गेंदों में 28 रन देकर 1 विकेट और भुवनेश्वर कुमार ने 24 गेंदों में 21 रन देकर 1 विकेट चटकाया।
सीरीज का चौथा टी20 मुकाबला राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम मैं 17 जून को खेला जाएगा।

