टीम इंडिया ने भारतीय समय अनुसार 7जुलाई 2022 की रात 02:05 बजे साउथैम्पटन में खेले गए तीन मैचों की टी-20 श्रृंखला के पहले एक दिवसीय मुकाबले में इंग्लैंड को 50 रन से हरा दिया है। भारत की इस जीत में हार्दिक पंड्या ने अहम भूमिका निभाई। हार्दिक एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 50 प्लस रन स्कोर करने वाले और चार विकेट झटकने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने।उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड भी दिया गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 198 रन बनाए।जवाब में इंग्लैंड की टीम 19.3 ओवर में 148 रन पर सिमट गई।इस जीत के साथ टीम इंडिया टी-20 सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है। टीम इंडिया ने एजबेस्टन टेस्ट में हार का बदला भी लिया। भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी-20 शनिवार को बर्मिंघम में खेला जाएगा। दूसरे टी-20 में भारतीय सीनियर खिलाड़ियों की वापसी होगी। विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत इस मैच में वापसी करेंगे।
टॉस जीतकर भारत की बल्लेबाजी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम इंडिया को 29 के कुल स्कोर पर पहला झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा 14 गेंदों पर पांच चौके की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ईशान किशन भी 10 गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। इन दोनों को स्पिनर मोईन अली ने पवेलियन भेजा। इसके बाद दीपक हुड्डा ने कुछ अच्छे शॉट्स लगाए। हालांकि, वह 17 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद सूर्यकुमार ने हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 37 रन की साझेदारी निभाई। सूर्या 19 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए। अक्षर पटेल 12 गेंदों पर 17 रन, दिनेश कार्तिक सात गेंदों पर 11 रन और हर्षल पटेल छह गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए।
इस दौरान हार्दिक ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक लगाया। वे 33 गेंदों पर छह चौके और एक छक्का की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए। भुवनेश्वर कुमार एक रन और अर्शदीप सिंह दो रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की ओर से मोईन अली और क्रिस जॉर्डन ने दो-दो विकेट झटके। इसके अलावा रीस टॉपली, टाइमल मिल्स और पार्किंसन को एक-एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड
199 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 33 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। इंग्लैंड को पहला झटका भुवनेश्वर कुमार ने दिया। उन्होंने इंग्लैंड के नवनियुक्त कप्तान जोस बटलर को पारी के पहले ही ओवर में क्लीन बोल्ड किया। बटलर खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद हार्दिक पांड्या का जलवा देखने को मिला।
उन्होंने पांचवें ओवर में दो विकेट झटके।हार्दिक ने पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर डेविड मलान को क्लीन बोल्ड किया। मलान 14 गेंदों पर 21 रन बना सके। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर लियाम लिविंगस्टोन को विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच कराया। लिविंगस्टोन खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद हार्दिक ने जेसन रॉय को हर्षल पटेल के हाथों कैच कराया। रॉय 16 गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए।
हार्दिक के धमाल के बाद युजवेंद्र चहल ने जलवा बिखेरा। उन्होंने 13वें ओवर में हैरी ब्रूक और मोईन अली को पवेलियन भेजा। चहल ने ब्रूक को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। ब्रूक 23 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाकर आउट हुए। वहीं, चहल ने मोईन को विकेटकीपर कार्तिक के हाथों स्टंप कराया। मोईन 20 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद सैम करन को हार्दिक ने विकेटकीपर कार्तिक के हाथों कैच कराया। करन चार रन बनाकर आउट हुए। वहीं, टाइमल मिल्स को हर्षल पटेल ने अपने ही गेंद पर कैच आउट किया। मिल्स सात रन बना सके। इसके बाद अर्शदीप सिंह ने अपने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू पर पहला विकेट झटका। उन्होंने रीस टॉपली को विकेटकीपर कार्तिक के हाथों कैच कराया। वहीं, अर्शदीप ने मैथ्यू पार्किंसन को दीपक हुड्डा के हाथों कैच करा इंग्लैंड की पारी को 148 रन पर समेट दिया।
क्रिस जॉर्डन 26 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से हार्दिक पांड्या ने चार विकेट झटके। वहीं, अर्शदीप और चहल को दो-दो विकेट मिले। इसके अलावा भुवनेश्वर कुमार और हर्षल पटेल को एक-एक विकेट मिला।
अर्शदीप का डेब्यू में मैडेन ओवर
अर्शदीप की बात करें तो वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू मैच में मेडन ओवर में फेंकने वाले भारत के चौथे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि अजीत अगरकर, खलील अहमद और नवदीप सैनी ने हासिल की थी।
कप्तान रोहित शर्मा ने रचा इतिहास
कप्तान रोहित शर्मा ने भी इतिहास रच दिया। वह टी20 इंटरनेशनल में लगातार 13 जीत हासिल करने वाले दुनिया के पहले कप्तान बन गए।रोहित के विराट कोहली से बागडोर संभालने के बाद से भारतीय टीम क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में अब तक बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही है। हिटमैन ने कप्तान के रूप में जो 13 जीत हासिल की हैं, उसमें भारत ने न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, श्रीलंका एवं इंग्लैंड जैसी बेहतरीन टीमों को हराया है।
रोहित को सबसे छोटे प्रारूप में भारतीय टीम के पूर्णकालिक कप्तान के रूप में अब तक एक भी हार का सामना नहीं करना पड़ा है। साल 2022 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने लगभग 12 मैच खेले और साथ-साथ में सभी मैच जीते भी थे। और वहीं, अन्य कप्तानों की कप्तानी में भारत ने 12 मैच खेले जिसमे से सिर्फ उन्होंने 4 ही जीते थे। जबकि 8 में हार का सामना करना पड़ा था।
यह देखते हुए कि यह टी20 विश्व कप का साल है, भारत की इस महत्वपूर्ण इवेंट की तैयारी के मद्देनजर ये संकेत अविश्वसनीय रूप से आशाजनक हैं। मैच के बाद प्रजेंटेशन सेरेमनी में बोलते हुए रोहित शर्मा ने भारतीय बल्लेबाजों की प्रशंसा की। साथ ही यह भी बताया कि वह उनसे आगे क्या उम्मीद करते हैं।रोहित शर्मा ने कहा, ‘हमने पहली ही गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया। हमने अच्छी बल्लेबाजी की और सभी बल्लेबाजों ने जज्बा दिखाया।
हमने पॉवरप्ले का भी बखूबी इस्तेमाल किया। यही हम चाहते भी हैं। हार्दिक आज बेहतरीन थे। मैं उनकी गेंदबाजी से बहुत प्रभावित हुआ हूं। वह बहुत पहले से ऐसा करना चाहते थे। हां, हम फील्डिंग में साधारण थे। हमें इसमें सुधार करना होगा।’
रोहित शर्मा की अगुआई में ये हैं भारत की लगातार 13 टी20 इंटरनेशनल जीत
- 07 नवंबर 2019 : बांग्लादेश के खिलाफ 8 विकेट से जीत
- 10 नवंबर 2019 : बांग्लादेश के खिलाफ 30 रन से जीत
- 02 फरवरी 2020 : न्यूजीलैंड के खिलाफ 7 रन से जीत
- 17 नवंबर 2021: न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 विकेट से जीत
- 19 नवंबर 2021 : न्यूजीलैंड के खिलाफ 7 विकेट से जीत
- 21 नवंबर 2021 : न्यूजीलैंड के खिलाफ 73 रन से जीत
- 16 फरवरी 2022 : वेस्टइंडीज के खिलाफ 6 विकेट से जीत
- 18 फरवरी 2022 : वेस्टइंडीज के खिलाफ 8 रन से जीत
- 20 फरवरी 2022 : वेस्टइंडीज के खिलाफ 17 रन से जीत
- 24 फरवरी 2022: श्रीलंका के खिलाफ 62 रन से जीत
- 26 फरवरी 2022 : श्रीलंका के खिलाफ 7 विकेट से जीत
- l 27 फरवरी 2022 : श्रीलंका के खिलाफ 6 विकेट से जीत
- 07 जुलाई 2022 : इंग्लैंड के खिलाफ 50 रन से जीत
मैच के दौरान रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान टी20 इंटरनेशनल में अपने 1000 रन भी पूरे किए। वह टी20 इंटरनेशनल में 1000+ रन बनाने वाले तीसरे भारतीय कप्तान हैं। उनसे पहले विराट कोहली (1570) और महेंद्र सिंह धोनी (1112) यह उपलब्धि अपने नाम कर चुके हैं। टी20 इंटरनेशनल में रोहित के बतौर कप्तान 1011 रन हो गए हैं। वह टी20 इंटरनेशनल में 1000 से ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के 10वें कप्तान हैं।

