राजस्थान ने दर्ज की ‘रॉयल’ जीत,बैंगलोर के खिलाफ चमके पराग, कुलदीप और अश्विन,29 रनों से बेंगलुरु को धूल चटाई
राजस्थान रॉयल्स ने कम स्कोर बनाने के बावजूद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 29 रन से धूल चटाई दी। राजस्थान ने रियान पराग (नाबाद 56) की शानदार पारी के दम पर 145 रन का टारेगट दिया, जिसके जवाब में बैंगलोर की टीम 19.3 ओवर में 115 रन बनाकर सिमट गई। पुणे के मैदान पर खेले गए मैच में बैंगलोर के लिए सबसे ज्यादा रन कप्तान फाफ डुप्लेसी (23) ने बनाए। आरआर के लिए तेज गेंदबाज कुलदीप सेन ने शानदार बॉलिंग की। उन्होंने 20 रन खर्च कर 4 विकेट चटकाए। वहीं, स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने 17 रन देकर 3 शिकार किए। प्रसिद्ध कृष्णा को दो विकेट मिले। आरसीबी का एक खिलाड़ी रन आउट होकर पवेलियन लौटा।
लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने खराब शुरुआत की। बतौर सलामी बल्लेबाज उतरे विराट कोहली का बल्ला फिर नहीं चला। उन्होंने 10 गेंदों में 9 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 2 चौके लगाए। कोहली को प्रसिद्ध कृष्णा ने दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर पवेलियन की राह दिखाई। वह पुल करने चाहते थे मगर बाउंसर के सही से पढ़ नहीं पाए और बैकवर्ड प्वाइंट पर रियान पराग के हाथों लपके गए। गेंद बल्ले से लगने के बाद सीधे हेलमेट से टकराई और फिर पराग के पास चली गई। तेज गेंदबाज कुलदीप सेन सातवें ओवर में बैंगलोर को दो बड़े झटके दिए। उन्होंने दूसरी गेंद पर फाफ डुप्लेसी को अपना शिकार बनाया। वह बैक ऑफ लेंथ गेंद को कवर के ऊपर से मारने के प्रयास में थे और जोस बटलर ने उछलकर कैच लपक लिया। उन्होंने 21 गेंदों में 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 23 रन की पारी खेली। वहीं, कुलदीप ने ओवर की तीसरी गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल (0) को आउट किया। मैक्सवेल ऑफ स्टंप से बाहर आई गेंद को थर्ड मैन की दिशा में धकेलना चाहते थे लेकिन पहली स्लिप पर मौजूद देवदत्त पडिक्कल ने कैच पकड़ लिया। उनका विकेट 37 के कुल स्कोर पर गिरा।बैंगलोर की टीम डुप्लेसी और मैक्सवेल के आउट होने के बाद उबर नहीं पाई। उसने 78 रन जोड़कर सात विकेट खो दिए। अनुज रावत की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किए रजत पाटीदार (16 गेंदों में 16) छाप छोड़ने में नाकाम रहे। सुयश प्रभुदेसाई (2) भी सस्ते में पवेलियन लौटे। फॉर्म में चल रहे दिनेश कार्तिक (4 गेंदों में 6) ने सस्ते में विकेट गंवाया। शाहबाज अहमद (27 गेंदों में 17) ने टिकने की कोशिश की पर सलफता हाथ नहीं लगी। वनिंदु हसरंगा ने 13 गेंदों में 18 रन बनाए। मोहम्मद सिराज ने 8 और हर्षस पटेल ने 5 रन का योगदान दिया।
